दिल्ली सरकार का छात्रों को बड़ा तोहफा, मिलेगी JEE-NEET की मुफ्त आवासीय कोचिंग
दिल्ली सरकार और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के 12वीं साइंस के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें JEE और NEET की तैयारी के लिए मुफ्त आवासीय कोचिंग मिलेगी। यह कार्यक्रम उन होनहार छात्रों के लिए शुरू किया गया है, जो पढ़ाई में तो तेज हैं, लेकिन पैसों की कमी के चलते आगे नहीं बढ़ पाते। इस पहल में पुणे की 'दक्षिणा फाउंडेशन' दिल्ली सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है।
दिसंबर 2026 में होगा JSDT टेस्ट
इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छात्रों को 'जॉइंट दक्षिणा सिलेक्शन टेस्ट' (JSDT) देना होगा और इसे उत्तीर्ण करना होगा। यह परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित की जाएगी। चयनित होने पर छात्र एक साल के लिए पुणे के पास स्थित 'दक्षिणा वैली कैंपस' में रहेंगे। उनके रहने, खाने और कोचिंग का पूरा खर्च सरकार और फाउंडेशन मिलकर बिल्कुल मुफ्त उठाएंगे। स्कूलों द्वारा इसकी पूरी जानकारी और आवेदन की तारीखें जल्द ही साझा की जाएंगी, इसलिए छात्रों को अपने स्कूल से संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।