दिल्ली में अवैध पेड़ कटाई पर वन विभाग का शिकंजा, शिकायत पर तुरंत होगी कार्रवाई
दिल्ली के वन विभाग ने अवैध पेड़ कटाई पर रोक लगाने के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। अब जब भी कोई पेड़ कटाई की शिकायत करेगा, अधिकारी तुरंत कार्रवाई करेंगे। वे मौके पर रिपोर्ट दर्ज कर कंट्रोल रूम और फील्ड स्टाफ को तुरंत जानकारी भेजेंगे। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि पेड़ों को पूरी सुरक्षा मिले और अवैध कटाई पर लगाम लग सके।
क्विक रिस्पांस टीमें जुटाती हैं जियोटैग्ड सबूत
ये टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर आगे होने वाले नुकसान को रोकती हैं और जगह को सुरक्षित करती हैं। ये टीमें जियोटैग्ड फोटो, वीडियो, CCTV फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पुख्ता सबूत जुटाती हैं। अवैध कटाई में इस्तेमाल किए गए औजार और वाहन तुरंत जब्त कर लिए जाते हैं। अगर आरोपी समन के बावजूद पेश नहीं होता है, तो उसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया जा सकता है। जांच प्रक्रिया दो महीने के भीतर पूरी कर ली जाती है।