अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का खर्च हुआ दोगुना, अब 2.1 लाख करोड़ के खर्च का अनुमान
अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन की लागत अब काफी बढ़ गई है। पहले जहां इसका अनुमान 1.1 लाख करोड़ रुपये था, वहीं अब यह 2.1 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। मंगलवार को कैबिनेट में इस बढ़े हुए बजट वाले प्रस्ताव को पेश किया गया। यह प्रस्ताव 508 किलोमीटर लंबे हाई-स्पीड कॉरिडोर से जुड़ा है, जो अहमदाबाद और मुंबई जैसे दो बड़े शहरों को आपस में जोड़ेगा।
देरी के कारण बढ़ी लागत और समय सीमा
महाराष्ट्र में जमीन मिलने में हो रही देरी और जापान से ट्रेनों की धीमी आपूर्ति ने इस प्रोजेक्ट की लागत और इसे पूरा होने की समय सीमा, दोनों को बढ़ा दिया है। पहले इस परियोजना का पहला चरण अगस्त 2027 तक शुरू होने वाला था, लेकिन अब पूरे प्रोजेक्ट को साल 2030 तक ही पूरा होने की उम्मीद है। अभी तक इस प्रोजेक्ट के लिए अधिकतर पैसा JICA और सरकारी बजट से मिला है। हालांकि, अब और वित्तीय सहायता की जरूरत पड़ सकती है, खासकर तब जब भारत अपनी खुद की हाई-स्पीड ट्रेनें बनाने की योजना भी बना रहा है।