दिल्ली पर भारी पड़ा CJP का विरोध प्रदर्शन, 91 करोड़ रुपये का हुआ नुकसान
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन से पूरे दिल्ली शहर में बड़ा असर देखने को मिला और अनुमान है कि दिल्ली को करीब 91 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। प्रदर्शन के लिए जंतर मंतर को चुना गया था, इसलिए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार शाम 6 बजे तक 45 मेट्रो स्टेशन बंद रखे गए, जिसकी वजह से रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
शराब की दुकानों के बंद रहने से हुआ 58.5 करोड़ रुपये का नुकसान
प्रदर्शन के दौरान, कनॉट प्लेस और खान मार्केट जैसे कई प्रमुख इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। इससे वहां के बाजारों और स्थानीय कारोबार पर गहरा असर पड़ा। सिर्फ शराब की दुकानें बंद होने से ही शहर को करीब 58.5 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। कई ट्रेनें रद्द होने से रेल सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव मेहरा ने बताया कि हर दुकान को प्रतिदिन डेढ़ लाख रुपये तक का नुकसान हुआ। खासकर उन दुकानदारों को सबसे ज्यादा मुश्किल हुई, जो खराब होने वाला सामान बेचते हैं।