मेडिकल स्टोर्स पर सरकार लगाएगी CCTV, दवा की अवैध बिक्री पर कसेगी नकेल
देश
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय एक नया नियम बनाने की सोच रहा है। इसके तहत जल्द ही प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाएं बेचने वाली सभी फार्मेसियों में CCTV कैमरे लगाना जरूरी हो सकता है।
इसका मकसद दवाओं की बिक्री पर कड़ी नजर रखना है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि केवल वैध प्रिस्क्रिप्शन पर ही दवाएं दी जाएं और अवैध दवाओं की बिक्री पर रोक लगे। हालांकि, इस नियम में थोक दुकानों को शामिल नहीं किया गया है।
लोगों से मांगे सुझाव, CCTV फुटेज 3 महीने तक रहेगा सुरक्षित
अगर यह नियम लागू होता है, तो फार्मेसियों को कैमरे का फुटेज कम से कम 3 महीने तक सुरक्षित रखना होगा। इससे किसी भी संदिग्ध बिक्री की जरूरत पड़ने पर दोबारा जांच की जा सकेगी।
अभी इस प्रस्ताव के मसौदे पर लोगों से राय मांगी गई है। इसका मतलब है कि अगर आपके मन में कोई विचार है, तो मंत्रालय इसे अंतिम रूप देने से पहले आपकी बात सुनेगा।