पुणे: ऑटो की सवारी अब जेब पर भारी, 1 सितंबर से 30 रुपये होगा न्यूनतम किराया
पुणे और पिंपरी-चिंचवड में ऑटो-रिक्शा का सफर अब आपकी जेब पर थोड़ा और भारी पड़ने वाला है। 1 सितंबर से ऑटो का किराया बढ़ने जा रहा है। अब पहले डेढ़ किलोमीटर के लिए आपको 25 रुपये की जगह 30 रुपये चुकाने होंगे। इसके बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 17 रुपये के बजाय 20 रुपये देने होंगे। आपको बता दें कि 2021 के बाद यह चौथी बार है जब किराए में बढ़ोतरी की गई है। यानी पांच साल से भी कम समय में किराया करीब 67 प्रतिशत बढ़ गया है।
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण ने ऑटो मीटर अपडेट करना अनिवार्य किया
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण ने बताया है कि किराए में बढ़ोतरी का मुख्य कारण बढ़ता खर्च है, खासकर CNG की कीमतें। उन्होंने जानकारी दी कि 2022 में CNG 91 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो अब बढ़कर 96 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। प्राधिकरण ने सभी लाइसेंसशुदा ऑटो चालकों को 6 महीने के भीतर अपने मीटर अपडेट कराने का आदेश दिया है। जब तक मीटर अपडेट नहीं हो जाते, तब तक चालकों को यात्रियों को आधिकारिक किराया चार्ट दिखाना होगा। हालांकि, इस फैसले से करीब डेढ़ लाख ऑटो चालकों को फायदा होगा, लेकिन यात्रियों को डर है कि कहीं उनसे मनमाना किराया न वसूला जाए।