अग्निवीरों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। सशस्त्र बल इस बात पर विचार कर रहे हैं कि अग्निपथ योजना के तहत जिन योग्य सैनिकों को 2 साल का सेवा विस्तार दिया गया है और जो इस विस्तार के समय अविवाहित रहते हैं, उन्हें अपने "दूसरे टूर ऑफ ड्यूटी" के दौरान शादी करने की अनुमति मिल सके।
इसके लिए अभी सरकार की मंजूरी का इंतजार है। फिलहाल, शुरुआती 4 साल की सेवा अवधि में शादी की इजाजत नहीं होती है। लेकिन, यह बदलाव "दूसरे टूर ऑफ ड्यूटी" के दौरान जवानों के लिए नियमों को थोड़ा और लचीला बना सकता है।
कैबिनेट ने अग्निवीरों के लिए दो साल के सेवा विस्तार को दी मंजूरी
केंद्रीय कैबिनेट ने हाल ही में अग्निवीरों के लिए 2 साल के सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से अब अग्निवीर कुल 6 साल तक अपनी सेवाएं दे पाएंगे।
4 साल की सेवा के बाद, जो अग्निवीर शानदार प्रदर्शन करते हैं, उन्हें नियमित सेना में शामिल होने का मौका मिलता है। वहीं, बाकी अग्निवीर इस अतिरिक्त समय का विकल्प चुन सकते हैं, लेकिन इसके लिए भी उन्हें सेवा विस्तार शुरू करते वक्त अविवाहित होना जरूरी है।
इसके अलावा, सशस्त्र बल सालाना मिलने वाली 30 दिनों की छुट्टी (जो नियमित सैनिकों के मुकाबले काफी कम है) में भी सुधार करने पर विचार कर रहे हैं। उनका लक्ष्य है कि जो युवा इस योजना में शामिल होते हैं, उनके लिए यह सेवा और ज्यादा बेहतर व आकर्षक बन सके।