एक अमेरिकी कोर्ट ने दिल्ली की अदालतों से भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और पूर्व RAW प्रमुख सामंत गोयल को कानूनी समन तामील कराने को कहा है। यह कार्रवाई तब सामने आई है जब भारत में आतंकी आरोपों का सामना कर रहे खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अमेरिका में एक दीवानी मुकदमा दायर किया है। पहले आधिकारिक माध्यमों से समन भेजने की कोशिशें सफल नहीं हो पाई थीं, जिसके बाद 13 नवंबर को यह आदेश जारी किया गया।
विदेश मंत्रालय ने पन्नू के मुकदमे को किया खारिज
अमेरिकी जज ने भारतीय अदालतों से मदद मांगी है, क्योंकि समन भेजने की सामान्य प्रक्रिया में रुकावटें आ रही थीं। अंतरराष्ट्रीय कानूनी नियमों के तहत, NSA डोभाल को समन पटियाला हाउस कोर्ट के जरिए भेजे जाएंगे। वहीं, पूर्व RAW प्रमुख सामंत गोयल से जुड़े समन द्वारका और तीस हजारी अदालतों द्वारा भेजे जाएंगे। हालांकि, भारत सरकार ने इसे मानने से इनकार कर दिया है। सरकार ने पन्नू के इस मुकदमे को 'मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण' बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साफ किया कि भारत में किसी भी न्यायिक दस्तावेज को तामील कराने का अनुरोध सिर्फ भारत के तय केंद्रीय प्राधिकरण, यानी कानून और न्याय मंत्रालय के ज़रिए ही किया जा सकता है।