
बम की धमकी के बाद थाईलैंड-दिल्ली एयर इंडिया उड़ान की फुकेत हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग
क्या है खबर?
थाईलैंड से नई दिल्ली आ रहे एयर इंडिया की AI-379 उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद आपातकालीन स्थिति में फुकेत हवाई अड्डे पर उतारा गया।
थाईलैंड हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि पायलट ने अपातकालीन लैंडिंग का अनुरोध किया था, जिसके बाद उन्हें अनुमति दी गई।
विमान में 156 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को हवाई अड्डे पर सुरक्षित तरीके से उतारा गया और विमान की जांच की गई। बम की सूचना अफवाह साबित हुई।
धमकी
3 घंटे बाद वापस लौटा
फ्लाइट ट्रैकर फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान ने शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे फुकेत हवाई अड्डे से भारतीय राजधानी के लिए उड़ान भरी, लेकिन अंडमान सागर के चारों ओर चक्कर लगाते हुए वापस थाई द्वीप पर उतर गया।
विमान सुबह 3 घंटे बाद 11:30 बजे वापस लौटा था।
धमकी जानकारी एक यात्री के जरिए पता चली थी, जिसे विमान के अंदर धमकी भरा नोट मिला था।
थाई हवाई अड्डे के अधिकारी उस यात्री से पूछताछ कर रहे हैं।
हादसा
लंदन की उड़ान भी मुंबई लौटी
इससे पहले शुक्रवार को एयर इंडिया (बोइंग 777-3FX) की उड़ान AIC-129 ने लंदन जाने के लिए मुंबई हवाई अड्डे से तड़के उड़ान भरी थी, लेकिन 3 घंटे बाद यू-टर्न ले लिया और वापस हवाई अड्डे आ गया।
विमान के वापस लौटने का कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन इसके सुरक्षा कारण बताए जा रहे हैं।
बता दें कि गुरुवार को अहमदाबाद में एयर इंडिया AI-171 उड़ान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 241 यात्रियों की मौत हुई है।