हैदराबाद: SI ने 6 साल की पोती से चलवाई कार, बोले- गिनीज रिकॉर्ड बनवा रहा था
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर उस वक्त मुसीबत में फंस गए, जब उनकी 6 साल की पोती का एक वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में वह व्यस्त सड़क पर अपनी कार चलाते हुए दिख रही थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा। इस वीडियो में लोग पुलिस अधिकारी से सुरक्षा के खतरों को लेकर सवाल करते भी दिख रहे थे। इस पर अधिकारी ने पलटकर जवाब दिया, "यह मेरा फैसला है। आप मुझे सवाल करने वाले कौन होते हैं?"
SI पर मामला दर्ज
पुलिस अधिकारी पुजारी तिरुपति ने बाद में दावा किया कि वह अपनी पोती को सबसे कम उम्र की ड्राइवर बनने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार कर रहे थे। लेकिन ज्यादातर लोगों ने इस बात पर भरोसा नहीं किया और सड़क पर दूसरों के लिए खतरे की ओर इशारा किया। अब पुलिस ने तिरुपति पर जान जोखिम में डालने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में आगे की जांच या विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है।