तेलंगाना का ऐतिहासिक फैसला, अब इंटरमीडिएट छात्रों को मुफ्त मिलेगा नाश्ता और खाना
तेलंगाना सरकार ने सरकारी और सहायता प्राप्त जूनियर कॉलेजों में इंटरमीडिएट छात्रों के लिए नाश्ता और दोपहर का खाना शुरू करने का ऐलान किया है। ऐसा करने वाला यह देश का पहला राज्य होगा। इस योजना की शुरुआत 12 जून, 2026 को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी करेंगे। सरकारी और सहायता प्राप्त जूनियर कॉलेजों के करीब 1.92 लाख पहले और दूसरे साल के इंटरमीडिएट छात्रों को इस सुविधा का फायदा मिलेगा।
स्कूल छोड़ने वालों की संख्या घटाना है सरकार का लक्ष्य
इस पहल के पीछे सोच है कि छात्र स्वस्थ रहें और स्कूल में पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई कर सकें। खाने के मेनू में बारी-बारी से डोसा, बाजरे की इडली, पूरी, उपमा और दूध शामिल किया गया है। सरकार उम्मीद कर रही है कि इससे छात्रों का पोषण बेहतर होगा और स्कूल में उनकी उपस्थिति भी बढ़ेगी। खासकर अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की। सरकार चाहती है कि स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की संख्या कम हो और ज़्यादा बच्चे अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।