तेलंगाना में स्विगी, फ्लिपकार्ट, जेप्टो के डार्क स्टोर्स सस्पेंड, मिले कीड़े और सड़ा खाना
तेलंगाना सरकार ने स्विगी इंस्टामार्ट, फ्लिपकार्ट और जेप्टो के कई डार्क स्टोर्स को निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने इन स्टोर्स का निरीक्षण किया तो वहां एक्सपायर्ड खाना, कीड़े-मकोड़े और सामान को असुरक्षित तरीके से स्टोर किया हुआ पाया गया।
स्थिति इतनी गंभीर थी कि 4 जगहों को तो तुरंत बंद कर दिया गया, क्योंकि इनसे लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता था। यह कार्रवाई क्विक कॉमर्स कंपनियों के लिए एक बड़ा सबक है, जिससे उन्हें खाद्य सुरक्षा के नियमों का बेहतर तरीके से पालन करने की सीख मिलती है।
निरीक्षण में खराब सब्जियां मिलीं
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कई डार्क स्टोर्स पर खराब सब्जियां, जंग लगे शेल्फ और खाने-पीने के सामान को लापरवाही से रखा हुआ पाया। कुछ दुकानों में तो कॉकरोच की भरमार थी और खाने की चीजों को गैर-खाद्य वस्तुओं के साथ मिलाकर रखा गया था।
अब अधिकारियों ने इन सामानों के सैंपल लिए हैं ताकि यह जांचा जा सके कि कहीं उनमें मिलावट तो नहीं है।