तेलंगाना में डेढ़ एकड़ जमीन के लिए ससुराल वालों ने ली बहू की जान
तेलंगाना के चिंतल टांडा में एक 26 साल की महिला कटरावथ सुनिता की कथित तौर पर उसके ससुराल वालों ने पारिवारिक जमीन के झगड़े में हत्या कर दी। विवाद करीब डेढ़ एकड़ कृषि भूमि को लेकर था। यह जमीन पहले बलराम की थी, जिसे बाद में सुनिता के नाम कर दिया गया था ताकि उसका भविष्य सुरक्षित रहे। स्थानीय पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब सुनिता खेत पर गई थी। आरोप है कि मान्य नायक ने उसे रास्ते में रोका और अपने घर ले गया, जहां उस पर हमला किया गया। यह दिल दहला देने वाली घटना से पूरे गांव में दहशत और गुस्सा फैल गया है।
परिजनों ने 4 आरोपियों को किया नामजद
बताया जा रहा है कि सुनिता के पति बलराम मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे थे। इसी वजह से उनके घर में पहले से ही तनाव का माहौल था। सुनिता के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। इस शिकायत के आधार पर ससुराल वालों सहित 4 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस अभी भी अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की जांच चल रही है और सुनिता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।