तेलंगाना: सरकारी इंजीनियर निकला धनकुबेर; 52 लाख नगद, 4 करोड़ का सोना और कई फ्लैट मिले
क्या है खबर?
तेलंगाना में एक सरकारी इंजीनियर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (ACB) ने छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान इंजीनियर के पास अकूत संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। तलाशी के दौरान कथित तौर पर 100-150 करोड़ रुपये के अनुमानित बाजार मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है। इनमें सोना-चांदी, नगदी और कई फ्लैट और जमीनों के दस्तावेज शामिल हैं। इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंजीनियर
8 स्थानों पर हुई छापेमारी
दरअसल, ACB ने बुधवार को नवीकरणीय ऊर्जा विकास निगम (REDCO) के संभागीय अभियंता मुत्याम वेंकट रमना के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया और उनके आवास, कार्यालय और रिश्तेदारों से जुड़े 8 परिसरों पर एक साथ छापा मारा।
अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी में कथित तौर पर अधिकारी की आय के ज्ञात स्त्रोंतों से कहीं ज्यादा संपत्ति का पता चला है। सबूत मिलने के बाद भ्रष्टाचार विरोधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
संपत्ति
इंजीनियर ने संपत्ति में किया करोड़ों का निवेश
रमना के नाम पर सेरिलिंगमपल्ली और कुकटपल्ली में 4 फ्लैट हैं, जिनकी कीमत 1.23 करोड़ रुपये है।
इसके अलावा कुकटपल्ली के अंजनेया नगर में 160 स्क्वायर यार्ड में फैली 4 मंजिला वाणिज्यिक इमारत भी है, जिसकी कीमत 1.82 करोड़ रुपये और सेरिलिंगमपल्ली के गुट्टाला बेगमपेट में 2.90 करोड़ कीमत की 5 मंजिला इमारत है।
रमना ने पत्नी के नाम पर रियल एस्टेट में निवेश किया है। 10 बन रहे अपार्टमेंट में लगभग 20 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
बरामदगी
सोना, वाहन और महंगी शराब भी बरामद
संपत्तियों के अलावा इंजीनियर के बैंक खातों में 52.02 लाख रुपये जमा है। साथ ही लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य के 2.094 किलोग्राम सोने के आभूषण, 45 लाख रुपये मूल्य के 3 वाहन, 30 लाख रुपये मूल्य के घरेलू सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और 2.5 लाख रुपये मूल्य की 20 शराब की बोतलें बरामद की हैं।
ACB ने बरामद संपत्तियों का आधिकारिक मूल्य 27.65 करोड़ रुपये बताया है। हालांकि, इनका वर्तमान बाजार मूल्य 100-150 करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
पिछली कार्रवाई
पहले भी पकड़ा गया था इंजीनियर
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, रमना को दिसंबर, 2019 में भी एक जालसाजी मामले में पकड़ा गया था। तब वह हैदराबाद में अधीक्षण अभियंता (संचालन) के कार्यालय में संभागीय अभियंता (तकनीकी) के पद पर कार्यरत थे।
तब रमना पर 25,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप थे। उस समय तलाशी के दौरान रमना के आवास से अधिकारियों ने 26.52 लाख रुपये नगद और 22.60 लाख रुपये के सोने के आभूषण जब्त किए थे।