तेलंगाना में DSP की गुप्त' डायरी से खुला 300 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का राज
तेलंगाना पुलिस के वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक (DSP) संकीरेड्डी भीम रेड्डी को गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने उनके पास से करीब 300 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा किया है। इसी सिलसिले में ACB ने तेलंगाना और कर्नाटक में 16 जगहों पर छापेमारी की, जहां उनके आलीशान घर, खेती की जमीन, भारी मात्रा में नकद, सोना और चांदी जैसे कई बेशकीमती सामान मिले।
रेड्डी की डायरी से खुले अवैध संपत्ति के राज
असल में इस पूरे मामले का सबसे बड़ा राज एक निजी डायरी से खुला। रेड्डी ने अपनी तीर्थयात्रा पर जाने से पहले यह डायरी अपने बेटों को दी थी। इसी डायरी में उन्होंने अपनी सभी गुप्त संपत्तियों और निवेशों का ब्योरा लिख रखा था। इस डायरी के मिलने के बाद जांचकर्ताओं को छिपी हुई संपत्तियों का पता लगाने में काफी आसानी हुई। इनमें आलीशान विला, कई व्यापारिक जगहें, लगभग 55 एकड़ जमीन, 43 लाख रुपये से ज्यादा नकद और 2 किलोग्राम सोना जैसी चीजें शामिल हैं। इन सबूतों के आधार पर ही ACB ने उन्हें हैदराबाद स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।