तेलंगाना साइबर ब्यूरो का बड़ा खुलासा, 17 करोड़ की धोखाधड़ी में 101 गिरफ्तार
तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो ने हाल ही में साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 5 दक्षिणी राज्यों और पुडुचेरी में फैले धोखाधड़ी के जाल से जुड़े 101 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
यह ऑपरेशन 23 सितंबर को शुरू हुआ था, जिसमें 'म्यूल बैंक अकाउंट' और करीब 17 करोड़ रुपये के फर्जी लेनदेन का पर्दाफाश हुआ।
केरलम में सबसे ज्यादा 35 गिरफ्तारियां हुईं
गिरफ्तारियों के मामले में केरलम सबसे आगे रहा, जहां 35 लोग पकड़े गए। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 22 लोगों की गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने इन छापों में कई फोन, सिम कार्ड और बैंक दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल गलत तरीके से पैसे ट्रांसफर करने में होता था।
पकड़े गए ज्यादातर लोग या तो एजेंट थे या फिर 'म्यूल अकाउंट' धारक, जो ATM या विदेश के रास्ते पैसों का लेन-देन कर रहे थे। यह जांच अब तक 51 मामलों से जुड़ चुकी है और पूरे देश में 1,172 साइबर अपराध से जुड़े लिंक की पहचान की गई है, जिससे लग रहा है कि अभी और भी खुलासे होंगे।