मेटा इंडिया प्रमुख पर गिरी गाज, प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर FIR दर्ज
तेलंगाना साइबर अपराध पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े कुछ आपत्तिजनक पोस्ट की शिकायतें मिलने के बाद, मेटा इंडिया के हेड और फेसबुक-इंस्टाग्राम के कुछ अकाउंट चलाने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। भाजपा समर्थकों का कहना है कि NEET पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान इन अकाउंट्स से एडिट किए हुए वीडियो और फोटो साझा किए गए थे, जिन्हें उन्होंने भ्रामक और अपमानजनक बताया। ये मामले भारतीय न्याय संहिता और IT एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं।
जांच के बाद लिंक हटाए गए
पुलिस को तेलंगाना भाजपा की सोशल मीडिया कोर कमेटी के सदस्य टी साईकिरण गौड़ से 20 ऐसे लिंक मिले थे, जिन पर आपत्ति जताई गई थी। गौड़ ने ही मेटा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, क्योंकि इन लिंक पर आपत्तिजनक सामग्री (कंटेंट) डाली गई थी।
एक अन्य शिकायतकर्ता एस अरविंद रेड्डी ने बताया कि इन पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी और दूसरे नेताओं को गलत ढंग से दिखाया गया था। गुरुवार शाम तक वो सभी लिंक हटा दिए गए थे, लेकिन पुलिस अभी भी यह जानने की कोशिश कर रही है कि इन अकाउंट्स को कौन चला रहा था। इस जांच के तहत मेटा को भी एक नोटिस भेजा गया है।