कीर्ति कुल्हारी साइबर ठगी की शिकार, चंद मिनटों में खाते से उड़े 2 लाख
क्या है खबर?
देशभर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और सितारे भी इसका शिकार बन रहे हैं। अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी के साथ एक बड़ा क्रेडिट कार्ड फ्रॉड हुआ है। साइबर अपराधियों ने उनकी क्रेडिट कार्ड जानकारियों का इस्तेमाल कर विदेश में 2.44 लाख के अनधिकृत लेन-देन कर दिए। अचानक पैसे कटने की जानकारी मिलते ही अभिनेत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खुलासा
फिल्म देखने जा रही थीं कीर्ति कुल्हारी, बीच रास्ते आया मैसेज
ABP न्यूज के अनुसार, पुलिस ने बताया कि ये घटना 24 जुलाई की रात की है। वर्सोवा के यारी रोड पर रहने वाली कीर्ति अंधेरी वेस्ट के एक मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने जा रही थीं।
तभी उन्हें अपने बैंक से खाते में विदेशी मुद्रा में लेन-देन होने का अलर्ट मैसेज मिला, जिसके बाद इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
मैसेज में बताया गया था कि उनके क्रेडिट कार्ड के जरिए 'एरोमेक्सिको एयरलाइंस' को लगभग 2.11 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।
एक्शन
बैंक ने एक्शन में आकर कार्ड किया ब्लॉक
मैसेज देखकर कीर्ति हैरान रह गईं और उन्होंने तुरंत बैंक के कस्टमर केयर को इसकी सूचना दी। बैंक के साथ अपने अकाउंट और जानकारियों की जांच करने के बाद पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से 4 अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए थे।
इन अनधिकृत भुगतानों की कुल रकम 2.43 लाख से अधिक थी। आगे किसी भी तरह के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए बैंक ने तुरंत अभिनेत्री का क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कर दिया।
जांच
बिना PIN शेयर किए कटे पैसे, हैकिंग या डेटा लीक का शक
प्रारंभिक जांच के अनुसार, कीर्ति ने अपना PIN या बैंकिंग ब्योरा किसी से साझा नहीं किया था।
लिहाजा पुलिस को शक है कि डेटा सीधे एक्सेस करने के बजाय हैकिंग या डेटा लीक जैसे तकनीकी माध्यम से चोरी हुआ है। फिलहाल जांच की जा रही है कि जानकारी मोबाइल, ऑनलाइन अकाउंट या किसी डिजिटल नेटवर्क से तो लीक नहीं हुई।
अंबोली पुलिस और साइबर विशेषज्ञ आरोपियों को पकड़ने के लिए बैंक खातों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की पड़ताल कर रहे हैं।
वर्कफ्रंट
अब निर्माता बनीं कीर्ति कुल्हारी
काम के मोर्चे पर बात करें तो कीर्ति ने हाल ही में निर्माता के रूप में अपनी पहली फिल्म की शूटिंग पूरी की है। उन्होंने 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक', 'मिशन मंगल', 'फोर मोर शॉट्स प्लीज', 'क्रिमिनल जस्टिस' और 'ह्यूमन' जैसी लोकप्रिय फिल्मों और सीरीज में काम किया है।
निजी जिंदगी की बात करें तो कीर्ति अभिनेता राजीव सिद्धार्थ को डेट कर रही हैं, जो 'फोर मोर शॉट्स प्लीज!' में उनके सह-कलाकार थे। इसी साल उन्होंने अपना रिश्ता सार्वजनिक किया था।