Loading...
तेलंगाना: आदिलाबाद के सरकारी अस्पताल में AC फटने से आग, 2 नवजात शिशुओं की जान गई
तेलंगाना के आदिलाबाद में सरकारी अस्पताल में AC फटने से नवजात शिशुओं के वार्ड में आग लगी

तेलंगाना: आदिलाबाद के सरकारी अस्पताल में AC फटने से आग, 2 नवजात शिशुओं की जान गई

लेखन गजेंद्र
Sep 22, 2026
10:54 am

क्या है खबर?

तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में सोमवार देर रात को बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) में आग लगने से 2 नवजात शिशुओं की जान चली गई। बताया जा रहा है कि हादसा AC फटने से हुआ था। हादसे के बाद मौके पर हड़ंकप मच गया। कई बच्चों को तुरंत दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया, जिससे उनकी जान बची।

हादसा

घटना के समय SNCU में भर्ती थे 27 बच्चे

आदिलाबाद के जिलाधिकारी राजर्षि शाह ने बताया कि घटना के समय SNCU में कम से कम 27 शिशु भर्ती थे, जिसमें कुछ को समय से पहले जन्म लेने के कारण वेंटीलेटर पर रखा गया था।

वार्ड के शिशुओं को निजी अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया है। शाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एयर कंडीशनर (AC) में हुए विस्फोट से आग लगने की बात सामने आई है, जिससे वार्ड में धुआं भर गया था।

जांच की जा रही है।

जांच

मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग लगते ही अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई थी, जिससे उसे तुरंत काबू कर लिया गया। इस दौरान अस्पताल कर्मियों ने बच्चों को बाहर निकालने के लिए वार्ड की कांच की दीवारें तोड़ दीं।

मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने घटना के कारणों की जांच के आदेश दिए। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए राज्य के सभी अस्पतालों में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने को कहा है।

ADVERTISEMENT