तेलंगाना का इंजीनियर निकला 'कुबेर', 150 करोड़ की काली कमाई उजागर
तेलंगाना एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने राज्य की रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन में कार्यरत डिविजनल इंजीनियर मुथ्यम वेंकट रामना की करीब 100-150 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति का पता लगाया है। ACB ने यह खुलासा रामना से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी के दौरान किया। यह छापेमारी एक बड़े भ्रष्टाचार जांच अभियान का हिस्सा है, जो अभी भी जारी है।
रामना की पत्नी की कंपनियों ने बनवाए 10 अपार्टमेंट
जांच अधिकारियों को रामना से जुड़े ठिकानों से 4 फ्लैट, 2 कमर्शियल बिल्डिंग और 10 अधूरे अपार्टमेंट मिले हैं। पता चला है कि ये 10 अधूरे अपार्टमेंट 4 ऐसी निर्माण कंपनियों ने बनवाए थे, जो रामना की पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड थीं।
इसके अलावा, 2 किलोग्राम से ज्यादा सोना, बैंक में जमा 52.02 लाख रुपये, कई गाड़ियां और कीमती घरेलू सामान भी बरामद किया गया है।
यह पहली बार नहीं है जब रामना किसी मुश्किल में फंसे हैं। साल 2019 में भी उन्हें रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था, तब भी उनके पास से नकद और सोना बरामद हुआ था। मामले की जांच अभी भी जारी है और उन्हें एक स्पेशल जज के सामने पेश किया जाएगा।