तेज प्रताप यादव 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए, जानिए वजह
क्या है खबर?
जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। बिहार की राजधानी पटना में NEET और पेपर लीक विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया था। इसके बाद देर रात उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अब तेज प्रताप बेउर जेल में है।
बयान
तेज प्रताप बोले- छात्रों के लिए जान भी देने को तैयार
हिरासत में तेज प्रताप ने कहा, "हम छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। अगर जरूरत पड़ी, तो मैं छात्रों के अधिकारों के लिए जान देने को भी तैयार हूं। मैं छात्रों के साथ हूं और उनके हक के लिए मर-मिटने को तैयार हूं।"
बिहार बंद के दौरान तेज प्रताप हाथ में तिरंगा लिए प्रदर्शन का नेतृत्व करते नजर आए। शाम करीब 8 बजे उन्हें गिरफ्तार किया गया।
हिंसा
प्रदर्शन के दौरान हुई थी हिंसा
पटना में प्रदर्शन के दौरान हिंसा देखने को मिली थी। इस दौरान कई जगह झड़प हुई। इसमें गांधी मैदान थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इसी मामले में तेज प्रताप को गिरफ्तार किया गया।
बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा में पुलिस ने 10 जिलों में 423 लोगों को हिरासत में लिया है। राजधानी पटना से 100 से ज्यादा उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है।