मुंबई: मेट्रो अक्वा लाइन पर तकनीकी खराबी से अफरा-तफरी: घंटों फंसे यात्री
शुक्रवार सुबह मुंबई मेट्रो से सफर करने वालों के लिए काफी उलझन भरी रही। अक्वा लाइन में तकनीकी खराबी के चलते लगभग एक घंटे तक ट्रेनें दोनों दिशाओं में बंद रहीं, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि, कुछ देर बाद व्यवस्थाएं पटरी पर लौट आईं, लेकिन तब तक बहुत से यात्री घंटों फंसे रहे और परेशान हो चुके थे।
अक्वा लाइन पर मोबाइल नेटवर्क की कमी से यात्री परेशान
ट्रेनें रुकने की वजह से कई लोगों को एक घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। मोबाइल नेटवर्क न होना, स्टेशनों पर भारी भीड़ और प्रवेश पर रोक ने लोगों की मुश्किल और बढ़ा दी। कुछ यात्री हार मानकर लोकल ट्रेनों से सफर करने लगे। यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी इस बात से हुई कि मेट्रो स्टाफ की ओर से कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। इशान तन्ना नाम के एक यात्री ने सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकालते हुए लिखा, "अक्वा लाइन मेट्रो स्टेशनों पर पूरी अफरा-तफरी मची है..." और उन्होंने मांग की कि इमरजेंसी हालात में बेहतर संवाद होना चाहिए।