TCS नासिक मामला: आरोपी का फोन लॉक, फॉरेंसिक टीम खोलेगी राज
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की नासिक ब्रांच में चल रही एक अहम जांच में तकनीकी अड़चन आ गई है। इस मामले का मुख्य आरोपी, जो TCS का ही एक कर्मचारी है, उसने अपने फोन की सारी फाइलों और ऐप्स को पासवर्ड से बंद कर दिया है।
इस वजह से पुलिस को डिजिटल सबूत ढूंढने में काफी परेशानी हो रही है। अब जांच आगे बढ़ाने के लिए पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली है, ताकि फोन को अनलॉक किया जा सके।
नाशिक में कर्मचारी ने लगाए बलात्कार के आरोप, 5 हिरासत में
यह पूरा मामला 25 मार्च को तब सामने आया, जब TCS की 23 साल की एक कर्मचारी ने पुलिस में FIR दर्ज कराई। उसने अपने एक साथी कर्मचारी पर शादी का झूठा वादा करके बलात्कार करने का आरोप लगाया। पुलिस ने जैसे ही इस मामले की जांच शुरू की, उत्पीड़न के और भी कई मामले सामने आए।
यहां तक कि जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिशों के आरोप भी लगाए गए। आरोपी और उसके साथ चार अन्य लोगों को पुलिस ने 29 अप्रैल तक अपनी हिरासत में लिया हुआ है। जांचकर्ता अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या कंपनी में कमजोर कर्मचारियों को निशाना बनाने का कोई खास तरीका अपनाया जा रहा था।