माता-पिता नेपाल में लापता, फिर भी इस लड़की ने दी NEET-PG परीक्षा; बताया अपना अनुभव
तन्वी नाम की एक छात्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की है। उसमे उन्होंने बताया कि नेपाल में बाढ़ आने के बाद से उनके माता-पिता का कोई अता-पता नहीं है। वे कैलाश यात्रा पर गए थे और तब से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
इतनी विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भी तन्वी ने हिम्मत नहीं हारी और 30 अगस्त, 2026 को अपनी NEET-PG की परीक्षा दी। उसने यह परीक्षा इसलिए दी क्योंकि यह उसके पिता की इच्छा थी।
तन्वी ने बताया, डेढ़ घंटा पूरा रोते हुए बिताया
सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए तन्वी ने बताया कि यह परीक्षा उसके लिए बहुत चुनौतीपूर्ण रही। उसने कहा, "तीन घंटे की परीक्षा में से डेढ़ घंटा तो मैं रोते हुए ही बिताती रही।"
तन्वी ने आगे बताया कि आंखों में भरे आंसुओं के कारण कई बार सवालों को पढ़ना भी मुश्किल हो गया था। परीक्षा के एडमिट कार्ड पर अपने पिता द्वारा खींची गई तस्वीर देखकर उसकी परेशानी और बढ़ गई थी।
परीक्षा से पहले मां के हाथों से मिलने वाली दही-चीनी की याद भी आज उसे बहुत सता रही थी। इन सबके बावजूद तन्वी को अब भी अपने माता-पिता की सुरक्षित घर वापसी की उम्मीद है और उनका परिवार नेपाल से किसी भी अपडेट का इंतजार कर रहा है।