कुंभ मेले के नाम पर 591 करोड़ रुपये का महाजाल, मंत्री के रिश्तेदार ने ऐसे ठगे करोड़ों
महाराष्ट्र के मंत्री गिरिश महाजन के दूर के रिश्तेदार तनय महाजन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने नाशिक में होने वाले अगले कुंभ मेले में हाउसकीपिंग का कॉन्ट्रैक्ट दिलाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 2.17 करोड़ रुपये की ठगी की।
आरोपी ने लोगों को भरोसा दिलाने के लिए फर्जी कागजों और सरकारी जैसे दिखने वाले चिन्हों का इस्तेमाल किया था। जब इस मामले में मंत्री गिरिश महाजन से सवाल किया गया, तो उन्होंने रिश्तेदारी तो मानी, लेकिन इस पूरे मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया।
पुलिस जांच में 591 करोड़ रुपये के फर्जी कुंभ ऑर्डर का खुलासा
सामने आया है कि यह मामला सिर्फ एक पीड़ित तक ही सीमित नहीं है। पुलिस ने बताया कि अब तक ठगी की 12 शिकायतें दर्ज की गई हैं और इनमें 3 FIR भी शामिल हैं। जांच में खुलासा हुआ कि ठगों ने 591 करोड़ रुपये के कामों के लिए फर्जी वर्क ऑर्डर जारी किए थे, जिससे पीड़ितों को कुल 305 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने यह भी साफ किया है कि कुंभ मेले के सभी असली कॉन्ट्रैक्ट ऑनलाइन प्रक्रिया से होते हैं, जबकि आरोपी लोगों को ऑफलाइन कॉन्ट्रैक्ट के नाम पर धोखा दे रहे थे। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।