तमिलनाडु में अब 30 रुपये में मिलेगा बेहतरीन चावल, करोड़ों परिवारों को महंगाई से मिली बड़ी राहत
तमिलनाडु सरकार ने बढ़ती महंगाई से लोगों को राहत देने के लिए अब बढ़िया गुणवत्ता का चावल अमुधम और सहकारी दुकानों के जरिए सिर्फ 30 रुपये प्रति किलो में बेचना शुरू कर दिया है। जहां खुले बाजार में यही चावल 75 से 85 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, वहीं सरकार की इस पहल से आम लोग इसे बेहद कम कीमत पर खरीद पाएंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री पी वेंकटरमणन ने कहा कि इस कदम का मकसद सभी लोगों के लिए आवश्यक चीजों को किफायती बनाना है।
तमिलनाडु सरकार बांटेगी 25,000 मीट्रिक टन चावल
राज्य भर के सैकड़ों आउटलेट पर कुल 25,000 मीट्रिक टन चावल बांटा जाएगा। इसी के साथ तुवर दाल का भाव 130 रुपये प्रति किलो और प्याज का दाम 35 रुपये प्रति किलो तय किया गया है। परिवार कार्ड वाले लगभग 7.01 करोड़ लाभार्थियों को इन जरूरी सामानों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने और उन्हें स्थिर बनाए रखने के लिए एक नई मूल्य निगरानी समिति भी बनाई गई है।