तमिलनाडु के 12 जिलों पर अल नीनो का खतरा, सरकार ने बनाई ये योजना
तमिलनाडु के कृषि मंत्री आर विनोद ने 12 जिलों की पहचान की है, जिन पर सुपर एल नीनो का सबसे ज्यादा खतरा मंडरा रहा है। यह मौसमी घटना जून से अगस्त की शुरुआत तक चलने वाले कुरवई फसल के सीजन को बुरी तरह प्रभावित कर सकती है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय की तरफ से तैयार की गई जिला कृषि आकस्मिक योजना सभी जिला कलेक्टरों को भेज दी है, ताकि वे समय रहते जरूरी कदम उठा सकें।
राज्य ने 27.82 करोड़ के केंद्र को मंजूरी दी
किसानों को इन चुनौतियों से बचाने के लिए सरकार ने 8 नए इंटीग्रेटेड एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन सेंटर्स बनाने का फैसला किया है। ये केंद्र कई जगहों पर बनेंगे। इस प्रोजेक्ट के लिए 27.82 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।
इन सेंटर्स में तिरुवन्नामलई और मुसिरी समेत कई जगहों पर 300 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम भी होंगे। यही नहीं, साल 2026-27 के दौरान 43,500 किसानों को तिरपाल बांटने के लिए भी 10 करोड़ रुपये रखे गए हैं, ताकि वे अपनी फसल को खराब होने से बचा सकें।
टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए भी कई कदम उठाए जा रहे हैं। जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के मकसद से फसल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और विजेताओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।