अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी का खुलासा- कर्ज चुकाने को बेची आत्मा, दरवाजे पर गालियां देते थे लेनदार
क्या है खबर?
शाहरुख खान समेत कई बड़े सितारों के साथ काम कर चुकीं दिग्गज अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी ने हाल ही में अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद भावुक खुलासा किया है। उन्होंने अपने जीवन के सबसे कठिन दौर से पर्दा हटाया। अभिनेत्री ने बताया कि अपनी प्रोडक्शन कंपनी के दिवालिया होने के बाद उन पर 1 करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ गया था। इस भारी-भरकम कर्ज को चुकाने के लिए उन्हें मजबूरी में कई C-ग्रेड फिल्मों में काम करना पड़ा था।
बयान
महिलाओं को नीचा दिखाने वाली फिल्मों के चुनाव पर बोलीं अभिनेत्री
सुष्मिता ने IANS के हवाले से वीडियो में अपना दर्द बयां कर कहा, "मुझसे किसी ने पूछा कि 'मैम, आपने इतनी खराब फिल्मों में काम क्यों किया? ये सुनकर मैं दंग रह गई। अपनी जिंदगी के उस दौर में वापस लौटकर ये सोचना बहुत परेशान करता है कि मैंने ऐसी C-ग्रेड और महिलाओं को नीचा दिखाने वाली फिल्मों में काम क्यों किया? मैंने कुछ खराब फिल्में चुनीं, पर वो कोई पोर्नोग्राफी नहीं थीं।"
समझौता
"मजबूरी में अपने जमीर से किया समझौता"
सुष्मिता बोलीं, "क्या मैंने अपने जमीर से समझौता किया? हां, बिल्कुल किया। मैंने अपनी आत्मा बेच दी। मुझै तब भी अच्छा नहीं लगा था और आज भी नहीं लगता, लेकिन मेरी मजबूरी थी। मैं आपको अपनी जिंदगी के हालात बताऊं, तो 2002 में मेरे पति और मैंने अपनी मीडिया कंपनी 'प्रयास प्रोडक्शन' खो दी थी। हम पर 1 करोड़ रुपये का कर्ज था। हमारे साथ-साथ 'ट्रैक सिनेमा' और 'अनिल चौधरी प्रोडक्शन', हम सभी पूरी तरह दिवालिया हो गए थे।"
आपबीती
3-4 साल कड़ी मेहनत कर चुकाया 1 करोड़ का कर्ज
अभिनेत्री ने बताया, " हालात इतने बिगड़ गए थे कि लेनदार घर के दरवाजे पर आकर हमें गालियां देते थे। वो बड़ा बुरा दौर था और मेरे बच्चे उस वक्त बहुत छोटे थे, इसलिए मजबूरी में मुझे दोबारा काम शुरू करना पड़ा। जो भी पैसे आते थे, उनसे मुझे 1 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाना पड़ता था। मेरे पति और मैंने 3-4 साल तक कड़ी मेहनत करके उस कर्ज को चुकता किया, इसलिए मुझे वैसी खराब फिल्में चुननी पड़ीं।"
वजह
बेटी की महंगी पढ़ाई का खर्च भी था एक कारण
सुष्मिता बोलीं, "इसके साथ ही मेरे अंदर की बंगाली मां जाग उठी। मेरी बेटी पढ़ाई में बहुत अच्छी थी, इसलिए मैंने उसे विदेश भेजना शुरू कर दिया। दूसरी तरफ मेरे पति राष्ट्रवादी थे, उनका कहना था कि भारत में क्या अच्छे स्कूल-कॉलेज नहीं हैं, लेकिन फिर भी मैंने उसे ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड पढ़ने भेजा। उस महंगी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए भी मुझे वो फिल्में चुननी पड़ीं, जिनका हिस्सा मैं नहीं बनना चाहती थी।"
जानकारी
अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाली अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी
सुष्मिता मुखर्जी भारतीय सिनेमा की एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं, जिन्होंने अपनी शानदार अदाकारी से हर बार खुद को साबित किया है। उन्होंने शाहरुख खान अभिनीत 'किंग अंकल' से लेकर 'गोलमाल रिटर्न्स', संजय दत्त की 'खलनायक' और 'दोस्ताना' जैसी कई फिल्मों में यादगार किरदार निभाए हैं।