तमिलनाडु में टाटा की आईफोन फैक्ट्री में जहरीली गैस से 3 मजदूरों की मौत
क्या है खबर?
तमिलनाडु के होसुर के पास स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की एक फैक्ट्री में 3 ठेका मजदूरों की मौत हो गई। घटना के समय वे वेस्टवाटर ट्रीटमेंट टैंक की सर्विसिंग कर रहे थे। यह फैक्ट्री एप्पल के आईफोन के लिए केसिंग और दूसरे पुर्जे बनाती है। कृष्णागिरी जिले के अधिकारियों ने शक जताया है कि तीनों की मौत जहरीली गैस से हुई है। हालांकि, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मौतों की जांच एप्पल, टाटा और राज्य के अधिकारी करेंगे।
मौत
अधिकारियों ने क्या बताया?
जिला अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट पर मेंटेनेंस के काम के दौरान 3 लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने कहा कि एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट को नाल्को वॉटर चला रहा था, जो अमेरिका में हेडक्वार्टर वाली इकोलैब का हिस्सा है।
उन्होंने यह भी बताया कि मौतें तब हुईं जब मजदूरों ने बाहरी नैनो-फिल्ट्रेशन टैंक की जांच करते समय गैस अंदर ले ली। हालांकि, अभी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, एप्पल और नाल्को वॉटर ने जवाब नहीं दिया है।
जांच
आईफोन असेंबली का 40 प्रतिशत हिस्सा बनाती है फैक्ट्री
टाटा ग्रुप की इलेक्ट्रॉनिक्स यूनिट भारत में आईफोन असेंबली का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा बनाती है और बाकी हिस्सा फॉक्सकॉन बनाती है।
पिछले कुछ सालों में, एप्पल ने चीन से आगे मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ाया, भारत एक अहम हब के तौर पर उभरा है, जो अब दुनिया के लगभग 25 प्रतिशत आईफोन बनाता है।
फैक्ट्री में 2024 में आग लगने से कंपोनेंट्स प्लांट में प्रोडक्शन रुका था। इस साल ग्राउंडवाटर में कथित गंदगी की वजह से शटडाउन की चेतावनी मिली थी।