बिहार: वैशाली में भारत-न्यूजीलैंड के फाइनल मैच में भारतीय विकेट गिरने पर चिल्लाया किशोर, पीट-पीटकर हत्या
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप जीतने पर जब लोग रविवार को खुशियां मना रहे थे, तभी बिहार के वैशाली जिले में मैच के चलते एक किशोर की हत्या कर दी गई। घटना महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव में घटी है। मृतक किशोर 17 वर्षीय मूक-बधिर कुंदन कुमार है, जबकि आरोपी की पहचान 18 वर्षीय किशन कुमार के रूप में हुई है। आरोपी किशन अभी फरार है। उसको पकड़ने के लिए छापामारी की जा रही है।
घटना
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि कुंदन रविवार शाम को घर से किसी काम से निकला था। उसके पड़ोस में रहने वाला किशन अपने 2 दोस्तों के साथ मोबाइल पर भारत-न्यूजीलैंड का विश्व कप फाइनल देख रहा था। कुंदन वहां रुक गया और मैच देखने लगा। किशन के भगाने पर कुंदन नहीं भागा। इस बीच, भारतीय टीम का एक विकेट गिर गया, जिसके बाद कुंदन चिल्लाने लगा। किशन को लगा कि कुंदन खुशी मना रहा है। तभी उनके बीच मारपीट होने लगी।
जांच
कुंदन को सिर में लगी चोट
पुलिस ने बताया कि किशन ने कुंदन को जमीन पर गिराकर पीटा और उसके सिर पर किसी चीज से वार कर दिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। पहले कुंदन को हाजीपुर के अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पटना ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। आरोपी को 2 पुलिस टीम तलाश रही है।