Loading...
सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की संपत्ति की CBI-ED से जांच कराने के आदेश रद्द किए
सुप्रीम कोर्ट से राहुल गांधी को मिली राहत

सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की संपत्ति की CBI-ED से जांच कराने के आदेश रद्द किए

लेखन गजेंद्र
Nov 25, 2026
02:38 pm

क्या है खबर?

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच करने का आदेश रद्द कर दिया है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और वी मोहना की पीठ ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश को रद्द करते हुए मामले को नए सिरे से विचार के लिए वापस भेजा है। कोर्ट ने राहुल को मामले में पार्टी बनाने और आदेश देने से पहले उनकी बात सुनने को कहा है।

याचिका

भाजपा कार्यकर्ता की याचिका पर हाई कोर्ट ने दिया था आदेश

हाई कोर्ट ने मई में भाजपा कार्यकर्ता एस विग्नेश शिशिर की याचिका पर जांच का आदेश दिया था, जिन्होंने गांधी और उनके परिवार के दूसरे सदस्यों के खिलाफ जांच की मांग की थी।

याचिका पर कोर्ट ने CBI और ED को दावों को सत्यापित करने को कहा था। इसके बाद जुलाई में CBI ने अपना हलफनामा दाखिल किया था, जिस पर हाई कोर्ट नाखुश था।

इसके बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल ने इन निर्देशों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।

याचिका

राहुल ने क्या तर्क दिया

राहुल ने कोर्ट में तर्क दिया है कि मौजूदा याचिकाकर्ता का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और उसने अपनी जानकारी नहीं दी है।

राहुल ने यह भी पूछा कि गोपनीय प्रक्रियाएं अखबारों में कैसे छपती हैं। अगस्त में सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर ध्यान दिलाया कि हाई कोर्ट ने राहुल के खिलाफ कोई भी ऑर्डर पास करने से पहले उनका पक्ष नहीं सुना था।

कोर्ट ने बुधवार को हाई कोर्ट का आदेश पूरी तरह रद्द कर दिया।

ADVERTISEMENT

जानकारी

शिशिर ने एक और याचिका भी लगाई है

याचिकाकर्ता शिशिर ने हाई कोर्ट में राहुल पर ब्रिटिश पासपोर्ट रखने के आरोप में अपराधिक कार्रवाई की मांग करते हुए अलग याचिका दायर की है। पहले, कोर्ट ने FIR का आदेश दिया था। हालांकि, बाद में जज ने केस से खुद को अलग कर लिया।

ADVERTISEMENT