सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण बात स्पष्ट कर दी है। न्यायालय ने कहा है कि यदि पुलिस किसी व्यक्ति को हिरासत में लेती है, तो उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की 24 घंटे की समय-सीमा उसकी हिरासत में लिए जाने के समय से ही शुरू होगी। यह अवधि उसकी औपचारिक गिरफ्तारी के क्षण से नहीं गिनी जाएगी।
दरअसल, कोर्ट को यह फैसला इसलिए देना पड़ा क्योंकि त्रिपुरा में 3 लोगों को एक दिन से ज्यादा समय तक न्यायिक मंजूरी के बिना हिरासत में रखा गया था, जो उनके संवैधानिक अधिकारों का साफ उल्लंघन था।
अदालत ने कहा- NDPS कानून भी अधिकारों से ऊपर नहीं
इस मामले पर अदालत ने जोर देकर कहा कि कोई भी पुलिस प्रक्रिया इस तय समय-सीमा को टाल नहीं सकती।
न्यायालय ने यह भी साफ किया कि लोगों को गलत तरीके से हिरासत में लिए जाने से बचाना बहुत जरूरी है और इसमें कोई समझौता नहीं किया जा सकता। यहां तक कि NDPS एक्ट जैसे कड़े कानून भी व्यक्ति के बुनियादी अधिकारों से ऊपर नहीं हो सकते।
न्यायाधीशों ने अपने फैसले में कहा कि इसका मुख्य मकसद अधिकारियों को जवाबदेह बनाना है और यह सुनिश्चित करना है कि लोगों की व्यक्तिगत आजादी का हर कदम पर सम्मान हो।