LOADING...
सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक प्रक्रिया में AI के इस्तेमाल पर चिंता जताई, कहा- ये विनाशकारी
सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक प्रक्रिया में AI के इस्तेमाल को विनाशकारी बताया

सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक प्रक्रिया में AI के इस्तेमाल पर चिंता जताई, कहा- ये विनाशकारी

लेखन आबिद खान
Jul 02, 2026
03:50 pm

क्या है खबर?

सुप्रीम कोर्ट ने कानूनी और न्यायिक प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) के इस्तेमाल पर चिंता जताई है। कोर्ट ने राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (NCLT) के एक फैसले पर गहरी चिंता जताई, जिसमें AI के जरिए बनाए गए फर्जी मामलों और झूठे उदाहरणों का सहारा लिया गया था। कोर्ट ने कहा कि फैसला लेने की प्रक्रिया के हर चरण में इंसानी नियंत्रण पूरी तरह से और अनिवार्य रूप से बना रहना चाहिए।

फैसला

कोर्ट ने कहा- ऐसा करना वकीलों की ओर से कदाचार

लाइव लॉ के अनुसार, कोर्ट ने कहा कि ऐसे पूर्व उदाहरणों से निकला कोई भी फैसला शून्य माना जाएगा क्योंकि इसे कानून की नजर में फैसले के रूप में नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने कहा, "AI का उपयोग कर तैयार किए गए पूर्व उदाहरणों का हवाला देना वकील की ओर से कदाचार है। अदालतों के लिए यह जरूरी है कि वे बिना सत्यापन के AI से निर्मित मिसालों को पेश, उद्धृत या उपयोग करने पर शून्य-सहिष्णुता का रवैया अपनाएं।"

टिप्पणी

कोर्ट ने कहा- ये अदृश्य और विनाशकारी

कोर्ट ने AI के गलत इस्तेमाल की तुलना खतरनाक और जहरीली गैस मिथाइल आइसोसाइनेट से की। कोर्ट ने कहा, "AI का फर्जी, काल्पनिक और झूठी सामग्री तैयार करना और उसका कानून में उदाहरण के तौर पर इस्तेमाल करना न्याय के क्षेत्र में 'मिथाइल आइसोसाइनेट' को छोड़ने जैसा है। यह अदृश्य, कपटी और विनाशकारी है। जब तक कोई इस पर ध्यान देता है, तब तक यह न्याय प्रणाली को दूषित और न्यायिक फैसले की आत्मा को खत्म कर देता है।"

Advertisement

मामला

क्या है मामला?

यह मामला एस्सेल इन्फ्राप्रोजेक्ट्स से जुड़ी दिवालियापन की कार्यवाही के दौरान सामने आया, जिसमें शीर्ष अदालत ने पाया कि NCLT ने AI द्वारा उत्पन्न गैर-मौजूद या भ्रामक न्यायिक मिसालों पर भरोसा किया था। कोर्ट ने एस्सेल इंफ्राप्रोजेक्ट्स दिवालियापन मामले में NCLT और NCLAT के आदेशों को खारिज करते हुए ये टिप्पणी की। इस मामले में NCLT ने जिन मिसालों के आधार पर फैसला सुनाया था, वे फर्जी और AI द्वारा बनाए गए थे।

Advertisement

निर्देश

कोर्ट ने बार काउंसिल को दिए निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने बार काउंसिल को मामले को अत्यंत गंभीरता से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया और फर्जी फैसले को लेकर NCLAT की न्यायिक औचित्य पर भी सवाल उठाया। कोर्ट ने काउंसिल से कहा कि वो मामले की जांच के लिए तुरंत समिति गठित करे और AI के इस्तेमाल को लेकर मार्गदर्शक सिद्धांत तैयार करे। कोर्ट ने पूरे मामले को फिर से NCLT के पास भेज दिया है और 2 हफ्ते के भीतर नए सिरे से फैसले का निर्देश दिया।

Advertisement