LOADING...
कोर्ट के आदेश से नाराज हुआ याचिकाकर्ता का पिता, CJI के भाई को कर दी कॉल
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से नाराज होकर एक याचिकाकर्ता के पिता ने CJI सूर्यकांत के भाई को फोन लगा दिया

कोर्ट के आदेश से नाराज हुआ याचिकाकर्ता का पिता, CJI के भाई को कर दी कॉल

लेखन गजेंद्र
Mar 25, 2026
05:26 pm

क्या है खबर?

सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक मामले की सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने याचिकाकर्ता के आचरण को लेकर कड़ी फटकार लगाई। दरअसल, याचिकाकर्ता के पिता ने CJI सूर्यकांत के भाई को फोन करके अदालत द्वारा पारित एक आदेश पर सवाल उठाया था। इसका खुलासा खुद CJI सूर्यकांत ने अदालत में किया, जिसके बाद सभी हतप्रभ रह गए। हालांकि, कोर्ट ने याचिकाकर्ता को सिर्फ चेतावनी दी।

मामला

क्या है मामला?

बार एंड बेंच के मुताबिक, बुधवार को CJI कांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ याचिकाकर्ता निखिल कुमार पुनिया की याचिका पर सुनवाई कर रहा था। पुनिया ने बौद्ध धर्म अपनाने के बाद अल्पसंख्यक आरक्षण की मांग की थी। जब 28 जनवरी को सुनवाई में कोर्ट को पता चला कि व्यक्ति का जन्म जाट (उच्च जाति) समुदाय में हुआ था और बाद में उसने बौद्ध धर्म अपनाया है तो कोर्ट ने नाराजगी जताई। पीठ ने इसे "नई धोखाधड़ी" करार दिया।

सुनवाई

आदेश से नाराज हुए याचिकाकर्ता के पिता ने मिलाया CJI के भाई को फोन

जब बुधवार को मामले की सुनवाई हुई तो CJI कांत ने खुलासा किया, "हमें आपके मुवक्किल के पिता के खिलाफ आपराधिक अवमानना ​​की कार्यवाही क्यों नहीं शुरू करनी चाहिए। आप इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे। क्या आपको पता है कि उन्होंने क्या किया है? क्या मुझे इसे खुले न्यायालय में बताना चाहिए? वह मेरे भाई को फोन करके पूछता है कि CJI ने यह आदेश कैसे दिया। क्या वह हमें हुकुम देगा? यही उसका आचरण है।"

Advertisement

सुनवाई

CJI ने कहा- मुझे निपटना आता है

CJI द्वारा जानकारी देने पर याचिकाकर्ता के वकील ने खेद प्रकट किया और अनभिज्ञता जताई। इस पर CJI ने कहा, "आप मामले की पुष्टि कीजिए। यह सरासर दुराचार है। भले ही वह भारत से बाहर हो, लेकिन मुझे ऐसे लोगों से निपटना आता है। आपको लगता है कि मैं इस वजह से मामला स्थानांतरित कर दूंगा? मैं 23 वर्षों से ऐसे तत्वों से निपटता आ रहा हूं।" हालांकि, मामला हरियाणा सरकार के प्रमाणपत्र मामले में जवाब आने तक स्थगित है।

Advertisement