दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों के प्रवेश के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट, वायु प्रदूषण पर सख्ती
क्या है खबर?
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि वह दिल्ली में केवल उन्हीं वाहनों के प्रवेश को सीमित करने के पक्ष में है, जो BS-VI उत्सर्जन मानकों का पालन करते हैं। कोर्ट ने कहा कि वह चाहती है कि राष्ट्रीय राजधानी और संभवतः NCR में केवल BS-VI वाहनों का ही परिचालन हो। यह टिप्पणी दिल्ली में वायु प्रदूषण संकट पर सुनवाई के दौरान न्यायाधीश जॉयमाल्य बागची ने की। कोर्ट ने सर्दियों में प्रदूषण रोकने के लिए सुझाव भी दिए हैं।
रुख
इस मामले में कोर्ट कर रहा सुनवाई
इस दौरान कोर्ट प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर लगाई पाबंदियों और BS-IV वाहन मालिकों को पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट लेने और ईंधन लेने में आ रही दिक्कतों पर विचार कर रही थी।
न्यायाधीश बागची ने टिप्पणी की, "हमारा रुख स्पष्ट है; हम दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों को ही चलने देंगे, भले ही NCR में ऐसा न हो।"
यह टिप्पणी तब आई जब वकील ने अदालत को बताया कि BS-IV वाहनों के संबंध में एक अर्जी दाखिल की गई।
आरोप
अर्जी में लगाया गया है यह आरोप
इसमें आरोप लगाया गया है कि अधिकारियों ने इन वाहनों के लिए PUC टेस्ट करना बंद कर दिया है।
वकील ने दलील दी कि इससे वाहन मालिकों के सामने गंभीर मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। यहां तक कि कुछ लोगों को ईंधन भी नहीं मिल पा रहा है।
इस दलील पर बागची ने संकेत दिया कि इन प्रतिबंधों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि दिल्ली में केवल वही वाहन चलें, जो कड़े BS-VI उत्सर्जन मानकों को पूरा करते हों।
सुझाव
कोर्ट ने दिया रोकथाम का सुझाव
मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने कहा कि अदालत इस मामले पर कम से कम एक महीने तक यथास्थिति बनाए रखेगी और तुरंत कोई दखल नहीं देगी।
पीठ ने दिल्ली में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए भारी वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध जैसे उपायों पर भी विचार किया।
CJI ने सवाल किया कि अधिकारी यह सुनिश्चित करने का काम क्यों नहीं कर सकते कि अगले 5 वर्षों तक कमर्शियल वाहनों को राजधानी से बाहर रखा जाए।