कर्नाटक में किसान गन्ने के दाम पर अड़े, आज राज्यव्यापी बंद
उत्तर कर्नाटक के गन्ना किसान सरकार से मांग कर रहे हैं कि गन्ने का खरीद दाम बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति टन किया जाए। इसी मांग को लेकर इस हफ्ते बेलगावी और धारवाड़ जैसी जगहों पर विरोध प्रदर्शनों ने जोर पकड़ लिया।
किसानों ने राजमार्गों को जाम किया और धरने पर बैठ गए, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। ऐसे में स्थानीय प्रशासन को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पाबंदियां लगानी पड़ीं।
किसानों ने राज्यव्यापी स्वैच्छिक बंद की घोषणा
कर्नाटक राज्य किसान संघ और हरित सेना जैसे संगठनों की अगुवाई में किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वे पीछे नहीं हटेंगे।
उनकी मांगों में सिर्फ गन्ने के बेहतर दाम ही नहीं, बल्कि इथेनॉल नीति में बदलाव और चीनी के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में भी संशोधन शामिल है।
राज्य के अधिकारियों से बातचीत के बाद भी किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जिसके चलते शनिवार को पूरे राज्य में स्वैच्छिक बंद का आह्वान किया गया है।