चंडीगढ़ में बारिश का कहर, एक घंटे में पानी-पानी हुआ शहर
चंडीगढ़ मंगलवार शाम अचानक हुई भारी बारिश से पूरी तरह भीग गया। एक घंटे के भीतर ही 58.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया और भीषण ट्रैफिक जाम लग गया। सेक्टर 41-40 और सेक्टर 39-56 के गोलचक्कर जैसे अहम स्थानों पर लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। ट्रिब्यून चौक, पिकैडिली स्क्वायर, मध्य मार्ग, दक्षिण मार्ग और सेक्टर 43 बस स्टैंड के पास की सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे गाड़ियों की रफ्तार थम गई। शहर के कई इलाकों में लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हुई।
IMD ने जताए हल्की बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिन का तापमान थोड़ा कम होकर 35.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, लेकिन रातें अभी भी 25.2 डिग्री सेल्सियस पर गर्म बनी हुई हैं। आने वाले कुछ दिनों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, तेज बौछारें पड़ने की उम्मीद नहीं है। इस हफ्ते गर्मी का असर बना रहेगा और तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के इर्द-गिर्द घूमता रहेगा।