एक नए अध्ययन में यह बात सामने आई है कि वायु प्रदूषण केवल धरती के लिए ही बुरा नहीं है, बल्कि यह बच्चों के जन्म से पहले ही उनके फेफड़ों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। शोधकर्ताओं ने पता लगाया है कि गर्भावस्था के दौरान और शुरुआती बचपन में प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से किशोर अवस्था तक फेफड़ों की कार्यक्षमता कमजोर हो सकती है। भारत जैसे देशों के लिए यह एक बड़ी चिंता है, जहां दिवाली के बाद अक्सर हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर तक गिर जाती है।
PM2.5 और NO2 का अस्थमा से गहरा संबंध
कोपेनहेगन यूनिवर्सिटी, डैनिश पीडियाट्रिक अस्थमा सेंटर और हेर्लेव व जेंटोफ़्टे अस्पताल द्वारा किए गए इस अध्ययन में बताया गया है कि AQI.in के डाटा के अनुसार, दिवाली के बाद नई दिल्ली और बठिंडा जैसे भारतीय शहर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में गिने जाते हैं। वाहनों और जलने वाले ईंधनों से निकलने वाले प्रदूषक, जैसे PM2.5 और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2), फेफड़ों के विकास को बाधित कर सकते हैं। इनसे अस्थमा या सांस से जुड़ी दूसरी बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। मुख्य शोधकर्ता मैरी पेडर्सन ने बताया कि वायु प्रदूषण का ज़्यादा स्तर फेफड़ों की कार्यक्षमता को घटाता है और यह एक बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या है।