भारत में सौर ऊर्जा का उत्पादन लगभग 10 प्रतिशत हुआ कम, जानिए क्या रहा कारण
भारत में सोलर ऊर्जा का उत्पादन लगभग 10 प्रतिशत तक कम हो गया। इसकी सबसे बड़ी वजह वायु प्रदूषण है, जो सूरज की रोशनी को धरती तक पहुंचने से रोकता है। एक अध्ययन के अनुसार, कोयले से चलने वाले बिजली प्लांटों, गाड़ियों और फैक्ट्रियों से निकलने वाले बारीक कण सूरज की किरणों को बाधित करते हैं। इन कणों के कारण सोलर पैनल उतनी बिजली नहीं बना पाते जितनी उन्हें बनानी चाहिए। यह समस्या खासकर उत्तर भारत में ज्यादा देखने को मिली है, क्योंकि वहां प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा है और इसी वजह से यहां बिजली उत्पादन की सबसे ज्यादा क्षमता का नुकसान हुआ है।
चीन ने फिल्टर लगाकर सोलर ऊर्जा का नुकसान कम किया
दुनिया भर में प्रदूषण की वजह से सोलर ऊर्जा का उत्पादन लगभग 6 प्रतिशत घट गया है, लेकिन भारत में यह नुकसान ज्यादा है और पिछले कई सालों से इसमें कोई खास सुधार नहीं देखा गया है। चीन में भले ही कुल नुकसान भारत से ज्यादा रहा हो, लेकिन उसने अपने कोयले से चलने वाले बिजली प्लांटों में बेहतर फिल्टर लगाकर इसके प्रभाव को काफी कम कर लिया है। जबकि भारत में बड़े शहरों के करीब स्थित कोयले से चलने वाले प्लांटों में प्रदूषण नियंत्रण के उपाय काफी सीमित हैं। यही वजह है कि यह समस्या भारत में लगातार बनी हुई है।