Page Loader
उत्तर प्रदेश में छात्र को अगवा कर पीटा, पेशाब पीने को किया मजबूर; आरोपी गिरफ्तार 
उत्तर प्रदेश में युवकों ने छात्र को बेरहमी से पीटा

उत्तर प्रदेश में छात्र को अगवा कर पीटा, पेशाब पीने को किया मजबूर; आरोपी गिरफ्तार 

लेखन महिमा
Nov 26, 2023
08:38 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के मेरठ में 12वीं कक्षा के एक छात्र को अगवा कर मारपीट करने और उस पर पेशाब करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है। इस मामले में पीड़ित के पिता ने पुलिस पर मामला न दर्ज करने का आरोप भी लगाया है।

मामला

वायरल हो रहे वीडियो में क्या है? 

वीडियो में गहरे भूरे रंग की जैकेट पहने एक युवक एक सुनसान जगह पर छात्र की पीट रहा है। इस दौरान 2 अन्य युवक यह सब रिकॉर्ड कर रहे थे। जब छात्र ने मदद की गुहार लगाई तो आरोपी युवक ने उसके सिर और पीठ पर कई वार किये। एक अन्य वीडियो में सफेद जैकेट पहने दूसरा युवक छात्र के चेहरे पर पेशाब करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है।

घटना

कब की है घटना?

पुलिस के मुताबिक ये घटना 13 नवंबर की है। इस मामले में मेरठ पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से 4 की पहचान अवि शर्मा, आशीष मलिक, राजन और मोहित ठाकुर के रूप में की गई है। पुलिस ने आशीष मलिक नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने FIR भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 147, 323, 504 और 506 तहत दर्ज की है।

मेरठ पुलिस 

पुलिस ने मामले पर क्या कहा?

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पीयूष सिंह ने कहा, "शुरुआत में युवक ने अपने ऊपर पेशाब किये जाने की जानकारी नहीं दी थी। पहली तहरीर में इसलिए पेशाब का उल्लेख नहीं है। उसके पिता की शिकायत के आधार पर हमने शिकायत दर्ज की है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आगे की जांच चल रही है।" उन्होंने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद तहरीर में धारा 294 और 295 ए को भी जोड़ दिया गया है।

पीड़ित 

मौसी के घर मिठाई देकर वापस आ रहा था युवक 

पीड़ित पिता ने बताया कि छात्र मौसी के घर से वापस नहीं आया तो उसके परिवार ने रात भर उसे ढूंढा और अगली सुबह युवक ने घर पहुंचकर आपबीती बताई। उन्होंने BBC को बताया, "मेरा बेटे ने 12वीं की परीक्षा पास की है, दिवाली के अगले दिन वो अपनी मौसी के घर मिठाई देने आया था। रास्ते में कुछ लड़कों ने उसे अगवा कर लिया, उसके साथ मारपीट की, मुंह पर पेशाब किया और जान से मारने की धमकी दी।"

जानकारी

पीड़ित के पिता ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप 

पीड़ित पिता ने पुलिस पर मामला न दर्ज करने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित पिता ने कहा, "पुलिस ने हमारी FIR दर्ज करने में लापरवाही की है, सख्त धाराएं नहीं लगाई गई हैं। पहले FIR ही दर्ज नहीं की जा रही थी।"