पराली पर पंजाब सरकार की सख्ती: अब तक 4,600 से अधिक मामले दर्ज, वसूला लाखों रुपये का जुर्माना
पंजाब में पराली जलाने का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। इस मौसम में अब तक पराली जलाने की 4,657 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सोमवार को अकेले 198 नई घटनाएं दर्ज की गईं। पराली जलाने की सबसे ज्यादा घटनाएं तरनतारन जिले में दर्ज हुई हैं। वहीं, फिरोजपुर और संगरूर जिले भी इससे ज्यादा पीछे नहीं हैं। सरकार की बार-बार अपील के बावजूद किसान फसल के अवशेष जलाने से नहीं मान रहे हैं। बठिंडा और अमृतसर जैसे जिलों में भी अभी बड़ी संख्या में पराली जलाई जा रही है, जिससे चारों तरफ धुआं दिख रहा है।
सरकार ने वसूला 72.85 लाख रुपये का जुर्माना
पंजाब सरकार अब इस पर सख़्त कार्रवाई कर रही है। अब तक पराली जलाने के 1,442 मामलों में 72.85 लाख का जुर्माना लगाया जा चुका है। इसमें से लगभग आधा जुर्माना वसूल भी लिया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक आदेशों का उल्लंघन करने पर 938 FIR भी दर्ज की गई हैं। इतना ही नहीं, 1,150 किसानों के जमीन के रिकॉर्ड में 'रेड एंट्री' भी की गई है। इसका मतलब है कि ये किसान अपनी जमीन बेच नहीं सकते और न ही उन्हें कोई कर्ज मिल पाएगा। सरकार यह सब प्रदूषण रोकने के लिए कर रही है, जो हर सर्दी में सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि दिल्ली-NCR को भी अपनी चपेट में ले लेता है।