सड़क हादसे में गंभीर रूप घायल युवती ने दी NEET परीक्षा, शिक्षा मंत्री ने ऐसे किए इंतजाम
NEET-UG की उम्मीदवार सृष्टि दुबे ने अपनी जबरदस्त हिम्मत दिखाई। एक गंभीर सड़क हादसे में उनकी 9 पसलियां टूट गई थीं और फेफड़ों में भी गंभीर चोट आई थी। बड़ी सर्जरी से उबरने के कुछ ही दिनों बाद वह परीक्षा देने पहुंच गई। हालांकि, उनके माता-पिता ने परीक्षा केंद्र और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) को लिखित में गुहार लगाई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के हस्तक्षेप के बाद सृष्टि के लिए खास इंतजाम किए गए ताकि वह परीक्षा में शामिल हो सके।
निजी कमरे के साथ लगाया गया मेडिकल स्टाफ
ढाकुरिया के बिनोदिनी गर्ल्स उच्च माध्यमिक विद्यालय में सृष्टि दुबे को एक निजी कमरा दिया गया था। उसके साथ मेडिकल स्टाफ भी मौजूद था और एक एम्बुलेंस को भी आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया था। इस मुश्किल घड़ी में मिले सहयोग के लिए सृष्टि के माता-पिता ने दिल से शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में मिली मदद के लिए वे बहुत शुक्रगुजार हैं।