श्रीगंगानगर ब्लास्ट: पुलिस ने तीसरे संदिग्ध को भी हिरासत में लिया, पाकिस्तान से जुड़े तार
लेखन भारत शर्मा
राजस्थान पुलिस ने श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को हुए रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के सिलसिले में तीसरे संदिग्ध को हिरासत में लिया है। यह नया संदिग्ध पंजाब के गुरदासपुर का रहने वाला है और वह पहले से ही एक दूसरे मामले में जेल में बंद था। जांच एजेंसियों का मानना है कि उसने ही पाकिस्तान में बैठे एक आतंकी हैंडलर 'शाह' को ब्लास्ट वाली जगह के बारे में जानकारी दी थी।
महाकदीप कौर और देवेंद्र सिंह हिरासत में
जांच अधिकारी नितिन चौधरी ने बताया कि आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर पंजाब के गुरदासपुर से लाया गया है। इससे पहले, महाकदीप कौर और देवेंद्र सिंह नाम के 2 और लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वे दोनों अभी पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन सभी संदिग्धों का आपस में क्या संबंध है और इस घटना के पीछे कौन-सा बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।