LOADING...
प्रज्वल रेवन्ना को उम्रकैद की सजा, बलात्कार मामले में 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगा
प्रज्वल रेवन्ना को बलात्कार मामले में उम्रकैद की सजा हुई है

प्रज्वल रेवन्ना को उम्रकैद की सजा, बलात्कार मामले में 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगा

लेखन आबिद खान
Aug 02, 2025
06:51 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक के हासन से पूर्व सांसद और जनता दल सेक्युलर (JDS) के नेता प्रज्वल रेवन्ना को बलात्कार और यौन उत्पीड़न के मामले में उम्रकैद की सजा हुई है। कोर्ट ने उस पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। ये पूरी राशि पीड़िता को मुआवजे के तौर पर दी जाएगी। बता दें कि कोर्ट ने कल ही इस मामले में प्रज्वल को दोषी ठहराया था। ये मामला प्रज्वल की घरेलू सहायिका द्वारा दर्ज की गई शिकायत से जुड़ा है।

मामला

क्या है मामला?

पिछले साल प्रज्वल के फार्महाउस में काम करने वाली 47 साल की एक महिला ने प्रज्वल पर FIR दर्ज कराई थी। महिला ने कहा था कि प्रज्वल ने 2021 से लेकर कई बार उसके साथ बलात्कार किया। महिला ने कहा था कि प्रज्वल ने उसके वीडियो भी बनाए थे और धमकी दी थी कि किसी को बताया तो ये वीडियो लीक कर देगा। 14 महीने चली जांच के बाद प्रज्वल को सजा हुई है।

कोर्ट

पीड़िता के वकील बोले- प्रज्वल आदतन अपराधी

पीड़िता की ओर से पेश हुए विशेष लोक अभियोजक बीएन जगदीश ने कोर्ट में कहा, "पीड़िता के साथ बार-बार बलात्कार किया गया और उसे धमकाया गया। यौन उत्पीड़न का वीडियो प्रज्वल की क्रूर मानसिकता को दर्शाता है। वह एक मौजूदा सांसद थे, कानून की पूरी जानकारी रखते थे, फिर भी उन्होंने ऐसे कृत्य किए। वह एक आदतन अपराधी हैं जिन्होंने कई महिलाओं के वीडियो रिकॉर्ड किए। उन्हें अधिकतम सजा मिलनी चाहिए।"

अन्य मामले

प्रज्वल पर कई महिलाओं से बलात्कार के आरोप, 4 FIR हुई

प्रज्वल पर 50 से ज्यादा महिलाओं से यौन उत्पीड़न का आरोप है। फिलहाल जिस मामले में प्रज्वल को सजा हुई है, ये पहला मामला है। इसके अलावा प्रज्वल के खिलाफ बलात्कार, छेड़छाड़ और धमकी देने जैसे 3 अन्य मामलों में भी FIR दर्ज की गई हैं। एक मामला JD(S) की पूर्व जिला पंचायत कार्यकर्ता से बार-बार शोषण का है। एक अन्य मामला प्रज्वल के घर काम करने वाली रसोइया और उसकी बेटी की शिकायत पर दर्ज किया गया है।

सुनवाई

CID ने दायर किया था 2,000 पन्नों का आरोप पत्र

प्रज्वल के खिलाफ दर्ज हुए सभी मामलों की जांच CID की देखरेख में SIT कर रही है। CID ने इस मामले में 123 सबूत जुटाए, 150 से ज्यादा गवाहों के बयान दर्ज किए और 23 लोगों ने कोर्ट में गवाही दी। करीब 10 महीने चली जांच के बाद CBI ने 2,000 पन्नों का आरोप पत्र दायर किया था। 31 दिसंबर, 2024 से मामले की सुनवाई शुरू हुई और 7 महीने बाद फैसला आ गया।

वीडियो

प्रज्वल के हजारों अश्लील वीडियो सामने आए थे

पिछले साल लोकसभा चुनावों से ठीक पहले प्रज्वल के 2,000 से ज्यादा अश्लील वीडियो वायरल हुए थे। इनमें प्रज्वल महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करता नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के 2 दिन बाद ही प्रज्वल जर्मनी भाग गया। पूर्व प्रधानमंत्री और प्रज्वल के दादा एचडी देवगौड़ा ने उसे देश लौटने की चेतावनी दी। 31 मई, 2024 को प्रज्वल जर्मनी से भारत लौटा और उसे बेंगलुरु हवाई अड्डे पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।