दक्षिणी रेलवे: यौन शोषण की शिकार लोको पायलट ने दोषी को सख्त सजा दिए जाने की मांग
दक्षिणी रेलवे की एक महिला सहायक लोको पायलट ने आरोप लगाया है कि पिछले सितंबर में ट्रेनिंग परीक्षा के दौरान उनके सीनियर लोको इंस्पेक्टर ने उनका यौन शोषण किया। महिला पायलट ने बताया कि यह घटना तब हुई जब वे अकेली थीं। आरोपी ने बाद में उनसे माफी भी मांगी और इस मामले को यहीं खत्म करने के लिए कहा, लेकिन पीड़ित ने कॉल रिकॉर्डिंग के साथ अपनी शिकायत दर्ज करवाई। रेलवे की इंटरनल कंप्लेट्स कमेटी (ICC) ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के बाद इंस्पेक्टर को ट्रांसफर करने की सिफारिश की।
सहायक लोको पायलट ने की सख्त सजा की मांग
पायलट ने अब इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ICC की तरफ से की गई सिफारिश इस गंभीर मामले की गंभीरता के मुताबिक नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके केस को जिस तरह से संभाला गया, उसमें गोपनीयता का ध्यान नहीं रखा गया। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ICC ने काम की जगहों पर बेहतर सुरक्षा उपायों की सिफारिश की है, जिसमें CCTV कैमरे लगाना भी शामिल है। पीड़ित पायलट ऐसी समस्याओं का सामना करने वाले कर्मचारियों के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था चाहती हैं।