बोइंग 737 MAX में ऑटोपायलट बग का खतरा, भारतीय एयरलाइंस ने दिए 479 विमानों के ऑर्डर
बोइंग के 737 MAX विमानों में एक सॉफ्टवेयर गड़बड़ी सामने आई है। इस गड़बड़ी के कारण कुछ लैंडिंग के दौरान ऑटोपायलट सही तरीके से काम नहीं कर पा रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर जैसी भारतीय एयरलाइंस भी इस दिक्कत का सामना कर रही हैं। इन दोनों एयरलाइंस के बेड़े में इस मॉडल के करीब 96 विमान शामिल हैं। बोइंग ने इस तकनीकी खराबी को पहले ही पहचान लिया है और अब इसे ठीक करने में जुटा हुआ है।
भारतीय एयरलाइंस ने 479 MAX के ऑर्डर बनाए रखे
बोइंग ने फिलहाल पायलटों को मैन्युअल कंट्रोल इस्तेमाल करने की सलाह दी है, लेकिन भारतीय एयरलाइंस इस मॉडल के विमानों को लेकर बिल्कुल भी पीछे नहीं हट रही हैं। एयर इंडिया, अकासा एयर और स्पाइसजेट ने कुल 479 बोइंग 737 MAX विमानों के ऑर्डर दे रखे हैं। कई और ऐसे सौदे भी जल्द ही पूरे होने की कगार पर हैं। सूत्रों के अनुसार, अकासा एयर तो 200 से ज़्यादा विमान खरीदने की योजना बना रही है। भारत और दक्षिण एशिया में नए विमानों की मांग आने वाले समय में लगातार बढ़ने की उम्मीद है।