स्लीपर बस और ट्रक की टक्कर ने ली 4 जानें, 35 लोग घायल
देश
कर्नाटक के पेरियापटना के पास शुक्रवार (16 अक्टूबर, 2026) की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक स्लीपर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में चार लोगों की जान चली गई और 35 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रातभर हुई बारिश की वजह से सड़क पर एक पेड़ गिर गया था। ट्रक ड्राइवर इसी गिरे हुए पेड़ से बचने की कोशिश कर रहा था, तभी ट्रक सामने से आ रही बेंगलुरु से कोझिकोड जाने वाली बस से जा टकराया।
बस चालक और केरल के 3 यात्रियों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों में बस का चालक और केरल के 3 यात्री शामिल हैं। हादसे में घायल हुए 35 लोगों में से दो की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को फौरन अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक ने रात भर हुई बारिश के चलते सड़क किनारे गिरे एक पेड़ से बचने की कोशिश में ट्रक को दाहिनी ओर मोड़ दिया था।