अदार पूनावाला के नाम पर मैसेज भेजकर जालसाजों ने SII को लगाई एक करोड़ की चपत
क्या है खबर?
जालसाजों ने वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) को एक करोड़ रुपये से अधिक की चपत लगा दी है।
इसके लिए जालसाजों ने कंपनी के प्रमुख अदार पूनावाला के नाम पर मैसेज भेजकर पैसा ट्रांसफर करने की बात कही थी।
पुणे पुलिस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए जालसाजी की घटना बुधवार और गुरुवार के बीच हुई। पुलिस ने IT एक्ट समेत कई धाराओं में अज्ञात जालसाजों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
घटना
क्या है घटना?
कंपनी के एक निदेशक सतीश देशपांडे के पास किसी व्यक्ति ने अदार पूनावाला बनकर व्हाट्सऐप मैसेज किया था। मैसेज भेजने वाले शख्स ने देशपांडे से तुरंत एक बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करने की बात कही।
देशपांडे ने मैसेज को अदार पूनावाला की तरफ से आया समझकर 1.01 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिये। हालांकि, उन्हें बाद में पता चला कि पूनावाला ने उन्हें कभी कोई मैसेज भेजा ही नहीं था।
जानकारी
अभी तक नहीं हो पाई आरोपी की गिरफ्तारी
पुणे पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 419, 420 और 32 के तहत FIR दर्ज की है। अभी तक आरोपी हिरासत से बाहर है और जिस बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए गए थे, उसकी पहचान होना बाकी है।
जानकारी
दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन निर्माता कंपनी है SII
पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन निर्माता कंपनी है। यहां कोरोना वायरस समेत कई बीमारियों की वैक्सीन का उत्पादन होता है, जिन्हें दुनिया के अधिकतर देशों में भेजा जाता है।
भारत सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जिन दो वैक्सीनों को सबसे पहले मंजूरी दी थी, उनमें से एक कोविशील्ड का उत्पादन SII में ही होता है। कोविशील्ड के अलावा भी SII ने विदेशी कंपनियों से करार कर वैक्सीनों का उत्पादन किया है।
जानकारी
बढ़ रहे मैसेज के जरिये जालसाजी के मामले
पिछले कुछ समय से व्हाट्सऐप मैसेज के जरिये जालसाजी के मामले बढ़ रहे हैं।
कई मामलों में फ्रॉड करने वाले लोग ग्राहकों के पास संदिग्ध लिंक भेजते हैं, जिस पर टैप करते ही कई संवेदनशील जानकारियां लीक होने का खतरा रहता है।
सरकार और सोशल मीडिया कंपनियों की तरफ से बार-बार ऐसे लिंक से बचने की एडवायजरी जारी होती रहती है।
ऐसे में उचित यह रहता है कि व्हाट्सऐप या किसी भी ऐप पर आए संदिग्ध लिंक को न खोलें।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
व्हाट्सऐप दुनिया की सबसे लोकप्रिय मोबाइल मेसेजिंग सेवा है और इसके करीब दो अरब यूजर्स हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 48.7 करोड़ भारत में हैं। इसके बाद ब्राजील और इंडोनेशिया में क्रमशः 11.8 करोड़ और 8.4 करोड़ यूजर्स हैं।