राम मंदिर की बदलेगी सुरक्षा: बिना जेब वाले कपड़े, लंबी CCTV निगरानी और SBI को सीधा ट्रांसफर
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या के राम मंदिर में दान की गिनती को पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित बना दिया है। अब दान संभालने वाले कर्मचारी बिना जेब वाली वर्दी पहन रहे हैं और मंदिर से अंदर-बाहर आने-जाने पर उनकी तलाशी भी ली जा रही है। इससे यह सुनिश्चित हो गया है कि कोई भी कीमती चीज इधर-उधर न हो सके।
ट्रस्ट नए पैन-टिल्ट-जूम CCTV कैमरे भी लगा रहा है। पहले जहां फुटेज को सिर्फ 45 दिनों तक रखा जाता था, वहीं अब इसे 180 दिनों तक सुरक्षित रखा जाएगा। यही नहीं, अब दान में मिली नकदी को एक साथ पैक कर सुरक्षित किया जाता है। फिर उसे मंदिर परिसर के अंदर ही SBI की गाड़ी में लोड करके सीधे शाखा भेजा जाता है। ऐसे में रास्ते में किसी भी तरह की गड़बड़ी या चोरी का डर नहीं रहता।
अयोध्या ट्रस्ट के नए CEO के नाम का ऐलान जल्द
ट्रस्ट के अगले CEO की तलाश लगभग पूरी हो चुकी है। कुल 5,585 आवेदकों में से सिर्फ 16 लोगों को अंतिम साक्षात्कार के लिए चुना गया था, जो इस हफ्ते मंदिर परिसर में हुआ। अब एक 3 सदस्यीय कमेटी शीर्ष तीन नामों का सुझाव देगी, जिसके बाद जल्द ही नए CEO के नाम का ऐलान होने की उम्मीद है।