चंडीगढ़ में डिजिटल रुपया का जादू, अब सीधे डिजिटल वॉलेट में आएगी PMGKAY सब्सिडी
चंडीगढ़ में खाद्य सब्सिडी के लिए डिजिटल रुपया सिस्टम की शुरुआत हो गई है, जिससे शहर ने इतिहास रच दिया है। केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे लॉन्च किया। यह व्यवस्था प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) के तहत लागू की गई है। अब जिन लाभार्थियों को खाद्य सब्सिडी मिलती है, उन्हें यह सीधे उनके डिजिटल वॉलेट में मिलेगी। यह वॉलेट केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा (CBDC) पर काम करता है। इस वॉलेट के जरिए वे अधिकृत दुकानों से अनाज खरीद पाएंगे। यह प्रणाली सुरक्षित है और इसमें पेमेंट तुरंत और आसानी से हो जाती है।
डिजिटल रुपया: सब्सिडी का इस्तेमाल सिर्फ खाने के लिए
इस डिजिटल प्रणाली से सब्सिडी सीधे ज़रूरतमंदों तक पहुंचती है और इसे सिर्फ खाने-पीने की चीजों पर ही इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे इसके गलत इस्तेमाल की आशंका काफी कम हो जाती है। इतना ही नहीं अब परिवारों को पहले से ज्यादा विकल्प भी मिलेंगे। वे सिर्फ गेहूं और चावल तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि दालें और दूसरी जरूरी चीजें भी खरीद पाएंगे। चौहान ने इस पहल को कल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों के करीब लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।